logo

डुमरिया में CO की अनुपस्थिति से भड़के ग्रामीण, विधायक संजीव सरदार से कार्रवाई की मांग

SARDAR.jpg

पूर्वी सिंहभूम

पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया प्रखंड में अंचल कार्यालय की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। रविवार को डुमरिया क्षेत्र के कई ग्रामीणों ने पोटका के विधायक संजीव सरदार से उनके तुरामडीह स्थित कार्यालय में मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं और अंचल अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि डुमरिया के अंचल अधिकारी पवन कुमार पिछले कई दिनों से नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। इससे जमीन संबंधित मामलों, प्रमाण पत्र, सत्यापन और विभिन्न सरकारी कार्यों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अनुपस्थिति के कारण कई जरूरी फाइलें लंबित

ग्रामीणों का कहना है कि अंचल अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण कई जरूरी फाइलें लंबित पड़ी हैं और आम लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई मामलों में अंचल अधिकारी द्वारा समय पर सत्यापन और स्वीकृति नहीं मिलने के कारण योजनाओं और जरूरी प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। इससे ग्रामीणों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों ने विधायक से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाये।

अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली की जांच

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले को जिले के वरीय अधिकारियों के समक्ष उठाया जायेगा और अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली की जांच कर कार्रवाई की मांग की जायेगी। विधायक ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को समय पर न्याय और सुविधा मिल सके। विधायक से मिलने वालों में डुमरिया के कुवार कृष्णा बास्के, लखन सोरेन, छोटाराय माझी और बुदन बास्के मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Tags - Dumaria block circle office irregularity rural public anger MLA Sanjeev Sardar Circle Officer Pawan Kumar administrative negligence