logo

OBC संघर्ष समिति के खूंटी बंद का दिखा व्यापक असर, NH-20 जाम, दुकानें बंद

OBC संघर्ष समिति के खूंटी बंद का दिखा व्यापक असर, NH-20 जाम, दुकानें बंद

खूंटी: 
Khunti News: पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति (OBC) की ओर से मंगलवार को आहूत खूंटी बंद का जिले में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। सुबह (Morning) से ही खूंटी शहर की अधिकांश दुकानें बंद (Shops closed) रहीं। बंद समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (National Highway 20) पर हूटार चौक के पास सड़क जाम कर दिया। वहीं, नेताजी चौक पर भी सड़क पर आवागमन बाधित किया गया। इससे शहर में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। बता दें कि जिन जिलों में बंद का आह्वान किया गया है, उनमें रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा शामिल हैं। पिछड़ी जाति संघर्ष समिति ने बंद को सफल बनाने के लिए सोमवार की शाम पांचों जिलों में जगह-जगह मशाल जुलूस निकाला था।

सरकारी नौकरियों में आरक्षण की मांग
पिछड़ी जाति संघर्ष समिति की मांग है कि सरकारी नौकरियों में ओबीसी को आरक्षण दिया जाए। इसके साथ ही ओबीसी की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। समिति ने जनगणना के कॉलम में ओबीसी जाति का उल्लेख करने की व्यवस्था करने की मांग की है। इसके अलावा पेसा कानून के तहत ओबीसी को भी अधिकार देने की मांग उठाई गई है। समिति ने स्पष्ट किया है कि अगर ओबीसी समाज के साथ न्याय नहीं होता है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

शहर में घूमकर बंद का आह्वान
बंद समर्थक शहर में घूम-घूमकर दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील कर रहे हैं। सुबह समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नेताजी चौक पर जुटे। इसके बाद उन्होंने शहर और आसपास के इलाकों का भ्रमण कर बंद की स्थिति का जायजा लिया और लोगों से सहयोग की अपील की। तोरपा में भी बंद का असर देखने को मिला, जहां कई दुकानें बंद रहीं। जिले के अन्य प्रखंडों में भी बंद समर्थक सक्रिय रहे।

मशाल जुलूस निकालकर की गई थी अपील
बंद को लेकर सोमवार शाम खूंटी क्लब से मशाल जुलूस निकाला गया था। इस दौरान समिति ने दुकानदारों और वाहन मालिकों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की थी। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बंद का उद्देश्य वर्तमान और आने वाली पीढ़ी के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाने का आग्रह किया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे
बंद को सफल बनाने में छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज के संरक्षक किशोर गंझू, जिलाध्यक्ष शिवनारायण गंझू और मोटिया मजदूर संघ के अध्यक्ष सयूम अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। इनमें मन मोहम्मद, सगीर अंसारी, सलमान अंसारी, अकरम अंसारी, ब्रजकिशोर साहू, मनीष साहू, विक्रम महतो, पवन कुमार, राकेश सोनी, गुरु प्रसाद महतो, रविंद्र महतो, अभिमन्यु महतो, बजरंग साहू, जयंत जायसवाल, सचिन कश्यप, अनिल सोनी, इम्तियाज अंसारी, गुलाब महतो, हरेंद्र सिंह, मदन सिंह, देवेंद्र महतो, राजकिशोर साहू, विक्रम राम, सुबोध महतो, मनमत राम, दुर्गाराम, श्याम जी और रामरतन गंझू सहित अन्य शामिल हैं।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
समिति ने बंद के दौरान लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। समिति का कहना है कि सामूहिक सहयोग से बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाया जाए।

Tags - Khunti News OBC Sangharsh Samiti Khunti Bandh NH 20 Jharkhand News OBC Reservation