जमशेदपुर:
जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सोमवार दोपहर टेल्को थानाक्षेत्र के नीलडीह ग्वाला बस्ती स्थित रामाधीन बागान के पास बाइक सवार 3 बदमाशों ने न्यूवोको सीमेंट प्लांट के कर्मचारी को चापड़ की नोक पर लूट लिया। बदमाशों ने कर्मचारी के गले पर चापड़ सटाकर उसकी जेब से 13 हजार रुपये निकाल लिये और मौके से फरार हो गये।

चापड़ की नोक पर लूटपाट की वारदात
पीड़ित हरमीत सिंह के अनुसार, वह न्यूवोको सीमेंट प्लांट में कार्यरत हैं। सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार 3 युवक उनके पास पहुंचे और पेट्रोल के लिए 20 रुपये मांगने लगे। जैसे ही हरमीत रुके, एक बदमाश ने चापड़ निकालकर उनकी गर्दन पर सटा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब से 13 हजार रुपये निकाल लिए। एक अन्य आरोपी ने उनके गले में पहनी चांदी की चेन छीनने का भी प्रयास किया। हरमीत ने विरोध करते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे। लोगों को आता देख तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गये।

बदमाशों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं था
हरमीत के मुताबिक, एक बदमाश ने कैप पहन रखी थी, जबकि दो अन्य सफेद टी-शर्ट और काली पैंट में थे। तीनों जिस बाइक से पहुंचे थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। घटना के बाद पीड़ित शिकायत लेकर गोलमुरी थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने मामला टेल्को थाना क्षेत्र का बताते हुए उन्हें वहां शिकायत दर्ज कराने को कहा।
लूट और स्नैचिंग की घटनाओं में बढ़ोतरी
जमशेदपुर में लूट और स्नैचिंग की घटनाएं लगातार चिंता का कारण बनी हुई हैं। हाल के दिनों में बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं को भी निशाना बनाया है। सिदगोड़ा थानाक्षेत्र के न्यू बाराद्वारी स्थित सोनी सर्विस सेंटर के पास मॉर्निंग वॉक कर रही महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली थी। इसके अलावा शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं से चेन छिनतई की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसमें अपराधी पल्सर और स्प्लेंडर जैसी बाइक का इस्तेमाल कर फरार हुए हैं। ऐसे में लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और अपराधियों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं।