द फॉलोअप, रांची:
Ranchi News: NSUI रांची महानगर के अध्यक्ष सतीश केशरी के नेतृत्व में मंगलवार को रांची विश्वविद्यालय (Ranchi University) में शैक्षणिक सत्र में लगातार हो रहे विलंब, परीक्षा एवं परिणाम संबंधी अव्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर के कुलपति और परीक्षा नियंत्रक (Vice-Chancellor and Controller of Examinations) को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र लगातार पिछड़ता जा रहा है, जिससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। समय पर परीक्षाएँ एवं परिणाम नहीं आने के कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग
एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी लंबित परीक्षाओं एवं परिणामों के लिए समयबद्ध शैक्षणिक कैलेंडर (Academic Calendar) जारी करने, सत्र को नियमित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने, परीक्षा एवं परिणाम प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, छात्र संघ चुनाव शीघ्र कराने, छात्र संघ एवं स्पोर्ट्स शुल्क के आय-व्यय का सार्वजनिक विवरण जारी करने तथा विद्यार्थियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

एनएसयूआई चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य
इस दौरान NSUI रांची महानगर अध्यक्ष सतीश केशरी ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाता है, तो विद्यार्थियों के हित में एनएसयूआई चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन (Agitation) करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। एनएसयूआई ने आशा व्यक्त की है कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव पवन नाग, प्रदेश प्रवक्ता तल्हा अफरोज, रांची विश्वविद्यालय महासचिव शादमान खान, रांची महानगर महासचिव संकेत पाठक, डोरंडा कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष इलियास अंसारी, डोरंडा कॉलेज अध्यक्ष जमील अख्तर, मोहम्मद कैफ, हमजा खान, सज्जाद अंसारी सहित एनएसयूआई के कई कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।