द फॉलोअप डेस्क
छात्रों के आंदोलन के बीच NSUI का केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को आंदोलनरत छात्रों से मिलने रांची पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों से बातचीत कर उनकी मांगों को विस्तार से सुना और उन्हें न्यायोचित बताया। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से सुनवाई होनी चाहिए। विनोद जाखड़ ने बताया कि शाम 5 बजे NSUI का केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेगा। इस दौरान आंदोलनरत छात्रों की मांगों और उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा, ताकि सरकार इस मुद्दे पर उचित निर्णय ले सके।

आंदोलनरत छात्रों से की बातचीत
NSUI का प्रतिनिधिमंडल कई दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचा और उनकी समस्याओं तथा मांगों को समझा। प्रतिनिधिमंडल में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज सरकार तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। विनोद जाखड़ ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से होने वाली बैठक में छात्रों की सभी प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा जाएगा और सरकार से उनके हित में सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाने का आग्रह किया जाएगा।
