logo

रांची के धुर्वा से लापता जुड़वा भाई करन-अर्जुन का 14वें दिन भी सुराग नहीं

a606.jpg

धुर्वा/रांची:

रांची के धुर्वा थानाक्षेत्र से लापता जुड़वां भाई करन और अर्जुन की गुमशुदगी को 14 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस उनका सुराग नहीं ढूंढ़ पाई है। गौरतलब है कि इसी इलाके से पहले जिहान और अंशिका नाम  से सगे भाई बहन लापता हो गए थे, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद रामगढ़ से ढूंढ़ निकाला था। धुर्वा से लापता करन और अर्जुन आखिरी बार रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी में नजर आए थे। करन-अर्जुन का सुराग नहीं मिलने से परिजनों में घबराहट बढ़ रही है।

स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चा है। गौरतलब है कि दोनों भाई 1 जून 2026 को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में तलाशा। रिश्तेदारों  से पूछा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद माता-पिता ने धुर्वा थाने में दोनों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

इस मामले में झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू करन-अर्जुन के घर पहुंचे और पुलिस से दोनों  बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग की थी। 

परिजनों की चिंता बढ़ गई है
परिजनों को उम्मीद है कि दोनों भाई जल्दी ही सुरक्षित वापस लौट आएंगे, लेकिन पुलिस की ओर से हो रही देरी ने उन्हें परेशान कर दिया है। पुलिस, बच्चों की तलाश में जुटी है लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। बीतते समय के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। 

पुलिस ने तेज किया तलाश
मामले  की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया है। विभिन्न संभावित स्थानों  पर छापेमारी और खोजबीन की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग मांगा है। कहा है कि यदि बच्चों के बारे में कोई उपयोगी जानकारी उनके पास है तो पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले को 50,000 रुपये नकद पुरस्कार मिलेंगे। 

Tags - Jharkhand NewsRanchi PoliceChild Missing CaseMissing CaseJharkhand Missing Case