logo

सरायकेला में 357 ग्रामीण चौकीदार पदों पर 2 साल बाद भी बहाली नहीं, सरकारी नौकरी की आस में सैकड़ों अभ्यर्थी

सरायकेला में 357 ग्रामीण चौकीदार पदों पर 2 साल बाद भी बहाली नहीं, सरकारी नौकरी की आस में सैकड़ों अभ्यर्थी

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिले में ग्रामीण चौकीदार के 357 रिक्त पदों पर सीधी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हुए करीब दो वर्ष बीतने के बावजूद अब तक पूरी नहीं हो सकी है। वर्ष 2024 में जारी विज्ञापन के बाद आवेदन करने वाले सैकड़ों अभ्यर्थी लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण का इंतजार कर रहे हैं। नियुक्ति में हो रही देरी के कारण अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उपायुक्त कार्यालय की सामान्य शाखा की ओर से विज्ञापन संख्या 01/2024 के तहत ग्रामीण चौकीदार के 357 पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2024 निर्धारित की गई थी। अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन शुल्क के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा कर दिए थे।

भविष्य को लेकर चिंता

विज्ञापन में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का उल्लेख किया गया था। विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार चयन प्रक्रिया 30 अगस्त 2024 तक पूरी की जानी थी। हालांकि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी भर्ती प्रक्रिया अपने अगले चरण तक नहीं पहुंच सकी। भर्ती के लिए आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने सरकारी नौकरी की उम्मीद में आवेदन किया था और लंबे समय से शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा तथा चयन सूची जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लेकिन भर्ती प्रक्रिया की स्पष्ट प्रगति सामने नहीं आने से उन्हें अपने भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।

प्रशासन लंबित भर्ती प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करे

कई अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया लंबित रहने के कारण वे न तो इस नियुक्ति को लेकर निश्चित हो पा रहे हैं और न ही रोजगार के दूसरे अवसरों को लेकर स्पष्ट निर्णय ले पा रहे हैं। दो साल से अधिक समय बीतने के बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं होने से अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ती जा रही है। अभ्यर्थियों की मांग है कि प्रशासन लंबित भर्ती प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करे और चयन प्रक्रिया के आगामी चरणों की तिथि जल्द घोषित करे। उनका कहना है कि यदि किसी प्रशासनिक या तकनीकी कारण से नियुक्ति प्रक्रिया रुकी हुई है तो उसे दूर कर 357 पदों पर बहाली की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए, ताकि लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके।

Tags - Government Jobs Recruitment Delay Job Aspirants