logo

विपक्षी एकता मुहिम : नीतीश ने सीएम बनने का क्रेडिट गुरुजी को दिया, हेमंत बोले ये हैं हमारे गार्जियन

1562.jpg

द फॉलोअप डेस्क

विपक्षी एकता को मजबूत की मुहिम में बुधवार को बिहार के सीएम नीतीश कुमार रांची पहुंचे। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में करीब एक घंटे तक नीतीश कुमार ने सीएम हेमंत सोरेन के साथ मंत्रणा की। इसके बाद मीडिया से मुखातिब हुए। सीएम हेमंत ने कहा कि हम नए जेनरेशन के नेता हैं। नीतीश के संबंध में उन्होंने कहा कि हमारे बीच गार्जियन बैठे हैं हमें इनसे बहुत कुछ सीखना है, इनके मार्गदर्शन में काम करना है। दूसरी ओर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि झारखंड-बिहार आज भले ही अलग हो गया मगर अविभाजित बिहार की राजनीति का केंद्र बिंदु कभी रांची भी हुआ करता था। उन्होंने कहा कि हेमंत के पिताजी गुरुजी से हमलोगों का क्या संबंध है। नीतीश कुमार ने कहा कि भले ही कम दिनों के लिए ही सही मगर मुझे बिहार का पहला सीएम गुरुजी ने ही बनाया था। उन्होंने कहा कि लालूजी, गुरुजी और हमारा रिश्ता क्या रहा है यह जगजाहिर है। बैठक में जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राजीव रंजन सिंह एवं बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान मंत्री सत्यानंद भोक्ता और मिथिलेश कुमार ठाकुर के अलावा बिहार सरकार में मंत्री संजय झा और राज्यसभा सांसद खीरू महतो भी मौजूद रहे।

सीएम नीतीश कुमार ने जानें क्या कहा
- हमें आगे एकजुट होकर चलना है क्योंकि, देश की सत्ता में बैठे लोग इतिहास बदलने और मिटाने में जुटे हैं।
- मीडिया हमारी बातों को अहमियत नहीं देता है, मगर इसके लिए पत्रकार नहीं, संस्थान के मालिक का ऊपरी दबाव है, मगर हमें फर्क नहीं पड़ता है।
- सभी को एक मंच पर लाकर देश की दिशा और दशा बदलने का काम किया जाएगा।
- पीएम पद का प्रत्याशी कौन होगा, यह विषय अभी का नहीं है अभी एकजुटता कायम करना प्राथमिकता है
-जो लोग आजादी का 75वां वर्ष मनाने का ढोंग कर रहे हैं, वो आजादी के प्रथम वर्ष में कहां थे

सीएम हेमंत सोरेन ने जानें क्या कहा

-देश में राजनीतिक और लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं तार-तार किए जा रहे हैं।
- समान विचारधारा वाले दलों को एक मंच पर लाने के प्रयास में झामुमो साथ खड़ा है
- नीतीश जी के साथ कई तरह की चर्चाएं हुईं
- नीतीश जी से चर्चा होते रहती है, हमलोग साथ बैठे हैं, आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा
- क्षेत्रीय अस्मिता और देश की एकता इस मुहिम का बड़ा हिस्सा है

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT