logo

जमशेदपुर में भाजपा नेता अभय सिंह के भाई निर्भय सिंह का निधन, रघुवर दास और चंपाई सोरेन ने जताया दुख

जमशेदपुर में भाजपा नेता अभय सिंह के भाई निर्भय सिंह का निधन, रघुवर दास और चंपाई सोरेन ने जताया दुख

जमशेदपुर: 
Jamshedpur News:
झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह के छोटे भाई निर्भय सिंह का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गया। 52 वर्ष की उम्र में उनके निधन की खबर से जमशेदपुर के राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर फैल गई। सीने में तेज दर्द के बाद उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके असामयिक निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और चंपाई सोरेन ने भी शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सीने में तेज दर्द के बाद टीएमएच ले जाया गया
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे निर्भय सिंह के सीने में अचानक तेज दर्द उठा और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद हृदयाघात की आशंका जताई। उन्हें कैथ लैब में शिफ्ट कर वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज शुरू किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। दोपहर करीब दो बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हृदयाघात के कारण उनकी मृत्यु हुई।

रघुवर दास ने जताया गहरा दुख
निर्भय सिंह के निधन पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोशल मीडिया के माध्यम से गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह के भाई निर्भय सिंह के हार्ट अटैक से असमय निधन की सूचना से वह स्तब्ध और मर्माहत हैं। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। अपने संदेश के अंत में उन्होंने ॐ शांति लिखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

चंपाई सोरेन ने भी प्रकट की संवेदना
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी निर्भय सिंह के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह के भाई निर्भय सिंह के असामयिक निधन का दुखद समाचार मिला है। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोक-संतप्त परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। निर्भय सिंह के अचानक निधन से उनके परिवार, शुभचिंतकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा दुख है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Tags - Nirbhay Singh deathJamshedpur newsBJP leader Abhay SinghJharkhand political newsTMH Jamshedpur update