द फॉलोअप डेस्क
देश में आज लगभग ज्यादातर परिवारों में युवा UPSC की तैयारी करने में जुटे हैं। वो इस परीक्षा में पास होकर IAS या IPS बनने का सपना देखते हैं। बता दें कि झारखंड के 9 अफसरों का यह सपना बिना UPSC परीक्षा पास किए पूरा होने वाला है। राज्य के 9 अधिकारियों को बिना UPSC की परीक्षा पास किए IAS अधिकारी बनाया जाएगा, जिसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। साथ ही अफसरों की लिस्ट भी सामने आ गई है। झारखंड प्रशासनिक सेवा के 9 अधिकारियों का होगा प्रमोशन
बता दें कि झारखंड प्रशासनिक सेवा के 9 अधिकारियों का जल्द ही IAS अधिकारी के रूप में प्रमोशन होगा। इस संबंध में नई दिल्ली में बुधवार को UPSC के साथ मुख्य सचिव अलका तिवारी और अन्य अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया। जानकारी हो कि इस बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अविनाश कुमार और कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो भी शामिल हुए। ये सभी रिक्तियां साल 2023 की हैं। बताया जा रहा है कि अनुमति मिलने के बाद UPSC अब चयनित अधिकारियों के नामों का पैनल DOPT को भेजेगा। इसमें केंद्र सरकार की सहमति मिलने के बाद IAS बनने की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसमें करीब 10 से 15 दिन का समय और लगेगा।इन्हें मिलेगा प्रमोशन
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने इससे पहले विभिन्न विभागों में कार्यरत वरीय झारखंड प्रशासनिक सेवा के 30 अधिकारियों के नामों का पैनल UPSC को भेजा था। फिर अधिकारियों को IAS में प्रोन्नत करने के लिए बोर्ड मीटिंग में विस्तृत चर्चा हुई। इसमें 9 अधिकारियों के IAS बनाने पर सहमति जतायी गई। इस दौरान इन अधिकारियों को IAS में प्रोन्नति मिलने की सूचना है- सुधीर दास, सुधीर बाड़ा, अनिल कुमार तिर्की, पशुपतिनाथ मिश्रा, राजकुमार गुप्ता, नीलम लता, संजय कुमार, पवन मंडल और शैल प्रभा कुजूर। बता दें कि ये सभी अफसर अगले 15 से 20 दिनों में IAS अधिकारी बन जाएंगे।