logo

निखार सबलोक हत्याकांड: पुलिस हिरासत में अशोक सिंह राघव की बिगड़ी तबीयत!

ashok_singh_RAGHAV.jpg

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिले के चर्चित युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच लगातार जारी है। इसी बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस हिरासत में पूछताछ का सामना कर रहे सोनारी निवासी अशोक सिंह राघव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनकी हालत बिगड़ते ही पुलिस ने अशोक सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अशोक सिंह राघव से पिछले चार दिनों से चांडिल थाना में लगातार पूछताछ की जा रही थी। शनिवार को पूछताछ के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल ले गए। एमजीएम अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया।

अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद कई सवाल खड़े हुए 

इसके बाद पुलिस टीम उन्हें TMH लेकर पहुंची, जहां क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। इधर, TMH परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही अधिकारियों द्वारा पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, फिलहाल पुलिस की ओर से अशोक सिंह की तबीयत खराब होने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में अशोक सिंह से पूछताछ को महत्वपूर्ण माना जा रहा था। ऐसे में उनके अस्पताल में भर्ती होने के बाद पुलिस की आगे की जांच और पूछताछ की प्रक्रिया पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस और चिकित्सकों की नजर उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर टिकी हुई है।

Tags - Murder Case Police Custody Health Deteriorated Saraikela police