द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkahnd News: दुमका विधायक बसंत सोरेन (Dumka MLA Basant Soren) निधन की खबरों को झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भ्रामक बताते हुए, ऐसी सूचना प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया पेज और व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। झामुमो की दुमका इकाई ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा है कि कुछ सोशल मीडिया पेज द्वारा दुमका विधायक बसंत सोरेन के निधन से संबंधित भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही है। झामुमो ने कहा कि इस प्रकार की अपुष्ट खबरों का प्रसार अत्यंत गैर-जिम्मेदराना है, जिससे आम जनता के बीच भ्रम और अनावश्यक चिंता की स्थिति पैदा होती है।
झामुमो ने दुमका जिला प्रशासन से की मांग
झामुमो ने दुमका जिला प्रशासन से विधायक बसंत सोरेन के निधन से संबंधित भ्रामक खबरों का प्रसारण करने वाले सोशल मीडिया पेज और खबरों की जांच करने की मांग की है। झामुमो ने यह भी मांग की है कि यदि जांच में भ्रामक सूचना प्रसारित करने की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति और सोशल मीडिया पेज के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। झामुमो ने मांग की है कि ऐसी भामक सूचनाओं के प्रसार पर रोक लगाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
आम नागरिकों से भी की गई है अपील
झामुमो ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि बिना सत्यापन के किसी भी खबर को साझा न करें और केवल आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्त्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही यकीन करें। गौरतलब है कि जमशेदपुर पश्चिम से जेडीयू विधायक सरयू राय ने बसंत सोरेन के निधन को लेकर श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया था। हालांकि, कुछ ही समय बाद उन्होंने वह ट्वीट डिलीट कर दिया।
