द फॉलोअप डेस्क
चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो गांव में शनिवार को एक नवविवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव के एक घर में महिला का शव फंदे से लटकता पाया गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मृतका की पहचान पुनीता देवी (21 वर्ष), पत्नी राकेश कुमार के रूप में हुई है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज हत्या का मामला है।
पुनीता देवी और राकेश कुमार की शादी को महज 13 महीने ही हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को एमएमसीएच (MMCH) में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के चाचा संतु मेहता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शादी के समय ससुराल वालों को चार लाख रुपये नकद और एक पल्सर मोटरसाइकिल दी गई थी। इसके बावजूद, पति और ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त पैसों की मांग करते थे। उनका आरोप है कि ननद की शादी में हुए कर्ज को लेकर पुनीता पर पैसे लाने का दबाव बनाया जाता था।
.jpeg)
परिजनों का आरोप है कि पैसे न मिलने पर पुनीता के साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने दावा किया कि पुनीता की हत्या कर दी गई और मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे से टांग दिया गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी देर से मिली। जब वे करसो गांव पहुंचे, तब तक शव फंदे से उतारा जा चुका था। परिजनों ने मृतका के पति राकेश कुमार, देवर पिंटू, ननद, नंदोषी (ननद के पति) और सास पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है।
