logo

सिमडेगा के नए SP श्रीकांत सुरेश ने किया पदभार ग्रहण, परिसदन में दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

sp5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले के नए पुलिस अधीक्षक आईपीएस श्रीकांत सुरेश राव खोत्रे बुधवार की सुबह पदभार ग्रहण करने सिमडेगा पहुंचे। उन्होंने समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में जिले के 21 वें एसपी के रूप में पदभार ग्रहण किया। जहां परिसदन भवन में गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका भव्य स्वागत किया गया। 
सिमडेगा के नए एसपी श्रीकांत सुरेश राव खोटरे  2015 बैच के आईपीएस हैं। उन्हें राज्यपाल के एडीसी के पद से हटाकर सिमडेगा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। पदभार ग्रहण कर उन्होंने कहा सिमडेगा को अपराध मुक्त और विधि व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। 
इसके लिए उन्होंने आम लोगों से जिले की विधि व्यवस्था दुरुस्त रखने में सहयोग की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि वे पहले यहां की भौगोलिक स्थिति से अवगत होंगे। उसके बाद अपराध नियंत्रण की रूपरेखा तय कर उस पर अमल किया जायेगा। उन्होंने जिले के सभी चुनौतियों से निपटने के लिए अपने अधीनस्थ सहकर्मियों से सहयोग की अपेक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में जुआ का काला खेल बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। वहीं नशीली पदार्थों और अवैध तरीके से पशुओं की हो रही अवैध तस्करी पर भी रोक लगाया जाएगा। इसके लिए बॉर्डर को पूरी तरह एक्टिव किया जाएगा। जिले में बढ़े हुए पोक्सो मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि पोक्सो के मामले में कड़े से कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
अंत में उन्होंने आम जनता के प्रति अपनी खुली निष्ठा व्यक्त करते हुए कहा कि, उनका कार्यालय 24 घंटे सभी के लिए सुलभ रहेगा। जहां जिले के निवासी अपनी किसी भी विपत्ति या समस्या को निर्भीक होकर रख सकेंगे। साथ ही, उन्होंने अधीनस्थ सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं ओपी प्रभारियों को जनता के साथ मित्रवत्, सहृदय व्यवहार अपनाने का आदेश दिया। ताकि कानून का राज न केवल कठोर हो, अपितु करुणा से ओतप्रोत भी रहे।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news news simdega news simdega khabar simdega update simdega SP news