द फॉलोअप, जामताड़ा:
Jharkhand News: जामताड़ा में सुरक्षा व्यवस्था (Security arrangements) को पुख्ता बनाने और आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। बड़े शहरों की पुलिसिंग प्रणाली की तर्ज पर अब जामताड़ा शहर के हर मोहल्ले, चौक-चौराहे पर पुलिस (Jamtara Police) की सीधी नजर रहेगी। रविवार को जामताड़ा थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार (DC Alok Kumar) और पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह (SP Shambhu Kumar Singh) ने संयुक्त रूप से 'बीट पुलिसिंग व्यवस्था' (Beat Policing) का औपचारिक शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था का प्राथमिक उद्देश्य जामताड़ा शहरी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, व्यापारियों और आम जनता की सुरक्षा, प्रो-एक्टिव पुलिसिंग तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि पुलिस और प्रशासन आम जनता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस पहल से पुलिस और जनता के संबंध और मजबूत होंगे और यह पूरी व्यवस्था क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी। एसपी शम्भु कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि बीट पुलिसिंग की सभी टीमों की सीधी मॉनिटरिंग पुलिस अधीक्षक कार्यालय से की जाएगी।

दूसरे चरण की शुरुआत मिहिजाम थाना से
वहीं, दूसरे चरण में दुर्गापूजा के बाद मिहिजाम में बीट नंबर 4 और 5 की शुरुआत की जाएगी, जो मिहिजाम थाना क्षेत्र के तहत कार्य करेंगे। बीट पुलिसिंग के तहत महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष फोकस (Special focus on the safety of women and children) रखा गया है। स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और संवेदनशील (Sensitive) सार्वजनिक स्थानों के आसपास पुलिस गश्त और सक्रियता बढ़ा दी जाएगी ताकि छेड़खानी जैसी घटनाओं पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके। इसके अलावा, जिन इलाकों में वित्तीय लेनदेन (कैश फ्लो) अधिक होता है जैसे बैंक, एटीएम, सर्राफा बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान वहाँ पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। प्रत्येक बीट अधिकारी का CUG मोबाइल नंबर स्थायी रहेगा। यदि किसी पुलिस अधिकारी का तबादला भी हो जाता है, तो भी उस बीट का हेल्पलाइन नंबर नहीं बदलेगा। बीट का नाम, क्षेत्र और संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबरों वाले बैनर प्रमुख चौराहों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे ताकि आम नागरिक, व्यापारी और छात्र सीधे अपनी समस्या पुलिस तक पहुँचा सकें।
.jpeg)
तीन बीटों में विभाजित हुआ जामताड़ा शहर
पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने बताया कि पहले चरण के तहत पूरे जामताड़ा शहर को तीन मुख्य बीटों में विभाजित किया गया है। हर बीट का दायरा स्पष्ट रूप से तय कर दिया गया है ताकि जिम्मेदारियों का निर्वहन (Discharge of responsibilities) सटीकता से हो सके। बीट नंबर 1 (कायस्थपाड़ा) में बीट प्रभारी एसआई सुनील कुमार सिंह और सहायक बीट प्रभारी एएसआई धर्मेंद्र रजक बनाए गए हैं। इस क्षेत्र के अंतर्गत टावर चौक, कायस्थपाड़ा, बाजार रोड, पुराना हटिया, हीरासार, महुलडंगाल, मालपाड़ा, रावड़ी, रक्षा काली मंदिर, जीतू डंगाल, कंबाइन बिल्डिंग, न्यू पांडेडी, पांडेडी, रेलवे स्टेशन, इंदिरा चौक, साइडिंग मोड़, दुमका रोड, सिमलबेरिया, धानरा, डीसी व एसपी आवास तथा समाहरणालय परिसर जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। बीट नंबर 2 (न्यू टाउन) में बीट प्रभारी एसआई अभय कुमार और सहायक बीट प्रभारी एएसआई भूषण पंडित हैं। इस बीट में न्यू टाउन, सिनेमा हॉल, गांधी मैदान, आम बगान, सिद्धू-कान्हू चौक, सुभाष चौक, सरखेलडी और पाकड़ी क्षेत्र शामिल किए गए हैं। बीट नंबर 3 (पालबगान) में बीट प्रभारी एसआई लाल बाबू और सहायक बीट प्रभारी एएसआई प्रदीप कुमार सिंह बनाए गए हैं। इस क्षेत्र में नूर मोहल्ला, सुभाष चौक, फूल के आगे का भाग, पुराना व नया कोर्ट, बुधूडी, साहना, गायशांत, कोर्ट रोड, पुराना कॉलेज, प्रेमधाम, मिहिजाम रोड, तिलाबाद और चाकरी क्षेत्र शामिल हैं।