देवघर
AIIMS देवघर में न्यूरोसर्जरी वार्ड का आज उद्घाटन हुआ. इससे संथाल परगना समेत पूरे झारखंड और आसपास के राज्यों के लोगों को उन्नत न्यूरोसर्जरी उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. नए न्यूरोसर्जरी वार्ड का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. नितिन एम. गंगाने ने किया. इस अवसर पर डीन डॉ. हरमिंदर सिंह भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में प्रो. डॉ. सोमशेखर निंबालकर, डॉ. रजत, डॉ. निधि प्रिया, डॉ. निखिल, डॉ. अभिषेक, डॉ. अमरदीप एवं डॉ. अमन सहित कई चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे.

डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में संचालित होगा वार्ड
यह वार्ड डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में संचालित किया जाएगा. इससे पहले भी डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में एम्स देवघर में कई महत्वपूर्ण और जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिली हैं. न्यूरोसर्जरी वार्ड की शुरुआत के साथ अब मस्तिष्क और तंत्रिका संबंधी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अत्याधुनिक उपचार अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगा. इससे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी. एम्स देवघर की यह उपलब्धि झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. इससे संथाल परगना और आसपास के हजारों मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
.jpeg)