द फॉलोअप डेस्क:
लातेहार स्थित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा छह में नामांकन की प्रवेश परीक्षा की तारीख बदल दी गई है। पहले यह परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित होने वाली थी, लेकिन अब इसे 6 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने प्रवेश परीक्षा के साथ ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि में भी संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थी अब 8 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर निर्धारित थी।
.jpeg)
प्रवेश पत्र 9 नवंबर से डाउनलोड
आवेदन की तारीख बढ़ाए जाने से उन विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो पहले आवेदन नहीं कर सके थे। अभ्यर्थी विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विद्यालय की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 9 नवंबर 2026 से डाउनलोड किए जा सकेंगे। यह परीक्षा झारखंड के विभिन्न प्रमंडल मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के माध्यम से सत्र 2026-27 के लिए कक्षा छह में नामांकन लिया जाएगा। विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें।