logo

गढ़वा में 4 एकड़ जमीन के लिए भतीजे ने सगे चाचा की जान ली, मां ने भी दिया साथ

CHACHA1.jpg

गढ़वा:

"बेटा! तोहर चाचा के दूगो बेटी हउ, चाचा के रास्ते से हटा देबे त सब जमीन हमनी के हो जाई" मां की कही इस बात पर भतीजे ने सगे चाचा को मार डाला। जमीन के झगड़े में जमीर बेचकर रिश्तों के कत्ल की यह कहानी गढ़वा की है। 4 एकड़ जमीन की खातिर भतीजे ने सगे चाचा की गला घोंटकर हत्या कर दी और इस वारदात में मां ने उसका साथ दिया। मृतक का नाम राजेंद्र है, जबकि हत्यारोपी मां-बेटे का नाम मिला देवी और मुन्नू यादव है। पुलिस का कहना है कि लंबे समय से आरोपियों की लालची नजर पीड़ित की 4 एकड़ जमीन पर थी।

चूंकि, राजेंद्र की केवल 2 बेटियां हैं, इसलिए आरोपी मिला देवी और उसके बेटे मुन्नू को लगा था कि यदि चाचा को रास्ते से हटा दिया तो पूरी जमीन उनकी हो जायेगी। दिलचस्प है कि पुलिस ने महज 4 घंटे में वारदात का खुलासा कर लिया। पूरी वारदात गढ़वा के डंडई थानाक्षेत्र अंतर्गत करके गांव की घटना है। 

गांव में मकई के खेत में मिली थी राजेंद्र की लाश
बताया जाता है कि राजेंद्र की लाश गांव में मकई के खेत में मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और छानबीन शुरू की। गढ़वा एसडीपीओ दिल्लू लोहार के मुताबिक हत्या की वजह जमीन है। मृतक राजेंद्र की 2 बेटियां हैं। पुलिस का दावा है कि राजेंद्र की भाभी मिला देवी और भतीजे मुन्नू यादव को लगा कि यदि चाचा नहीं रहा तो, सारी जमीन उनकी हो जायेगी। इसी सोच के साथ मां-बेटे ने राजेंद्र को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।

पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
पूर्व नियोजित साजिश के तहत मिला देवी और मुन्नू यादव ने गला घोंटकर राजेंद्र की हत्या कर दी और शव को मकई के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर मिला देवी और मुन्नू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने सारा राज उगल दिया। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।  

Tags - Jharkhand Crime NewsGarhwa MurderMurderUncle Killed by Nephew