logo

कटहल तोड़ने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने कर दी पेड़ मालिक की हत्या

कटहल.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत नक्सल प्रभावित हुदू पंचायत के शहरबेड़ा में बीती रात एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कोंडा मुंडा (उम्र 45 साल) के रूप में हुई है। आरोपी का नाम सोनिया मुंडा है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि कटहल तोड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद में यह हत्या की गई है। देर रात पुलिस घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। दरअसल कोंडा मुंडा ने अपने घर के पास कटहल का पेड़ लगाया था। उसके कटहल पेड़ से सोनिया मुंडा ने कटहल तोड़ लिया था। इसको लेकर ही कोंडा मुंडा को सोनिया के साथ विवाद हुआ था। इसी बात के आवेश में आकर सोनिया ने गोंडा पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


आरोपी के तलाश में सर्च अभियान जारी है 
घटना को अंजाम देकर सोनिया मुंडा भागकर जंगल की ओर चला गया है। पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सर्च अभियान चल रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक कोंडा मुंडा के चार बेटे और एक बेटी है। वह गांव में ही कृषि का काम किया करता था। बता दें कि नक्सल प्रभावित हुदू पंचायत के शहरबेड़ा में काफी कम आबादी है। यहां गिने-चुने परिवार ही निवास करते हैं।