द फॉलोअप डेस्क
देशव्यापी नीट NEET परीक्षा पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को झारखंड के साहेबगंज और गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा झामुमो ने जोरदार प्रदर्शन किया। साहेबगंज के स्टेशन चौक पर नगर अध्यक्ष आदित्य यादव के नेतृत्व में और गिरिडीह के टावर चौक पर झारखंड छात्र मोर्चा द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और आक्रोशित छात्रों ने केंद्र सरकार एवं एनटीए NTA के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था की पूरी विफलता करार दिया। झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य संजीव शामू हेंब्रम ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाएं भ्रष्टाचार और पेपर माफियाओं की भेंट चढ़ रही हैं, जबकि सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति असंवेदनशील होकर केवल प्रचार में व्यस्त है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि छात्रों के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ बंद नहीं हुआ, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा सड़क से लेकर सदन तक अपने आंदोलन को और भी तेज करेगा।
झमुमो कह रही की भाजपा युवाओं के भविष्य से कर रही मजाक
झामुमो के जिला कार्यकारिणी सदस्य नजरुल इस्लाम ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश के युवाओं के भविष्य को मजाक बनाकर रख दिया है। लाखों छात्र-छात्राएं दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन केंद्र सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ भाषण और विज्ञापन में चल रही है, जमीनी स्तर पर शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। नीट परीक्षा रद्द होना इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार परीक्षा कराने तक में सक्षम नहीं रह वही नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान ने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य घटना नहीं बल्कि संगठित भ्रष्टाचार का हिस्सा बन चुका है और भाजपा सरकार पेपर माफियाओं पर कार्रवाई करने के बजाय अपनी छवि बचाने में लगी हुई है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
परीक्षा घोटालों और पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
देश में बढ़ते परीक्षा विवादों और पेपर लीक के मामलों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। केंद्रीय समिति सदस्य सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टावर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया। सुरेंद्र यादव ने कहा कि आज देश का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। वर्षों की मेहनत और माता-पिता की उम्मीदों के साथ छात्र परीक्षा देते हैं, लेकिन भाजपा शासन में हर बड़ी परीक्षा घोटालों की भेंट चढ़ रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं को रोजगार देने में विफल रहने और परीक्षाओं की विश्वसनीयता खत्म करने का आरोप लगाया।
नारेबाजी के साथ केंद्र की नीतियों का कड़ा विरोध
आक्रोश मार्च के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं और नेताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखा। प्रदर्शनकारियों ने “पेपर चोर-गद्दी छोड़”, “पेपर लीक-मोदी वीक” और “छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो” जैसे तीखे नारे लगाए। महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी ने दो टूक शब्दों में कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना तुरंत बंद करे। महिला नेत्री उषा ठाकुर ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब विद्यार्थियों की उम्मीदें इस सरकार से पूरी तरह टूट चुकी हैं। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संजय सिंह समेत सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
24 लाख छात्रों का भविष्य अधर में: अभय कुमार
नीट (NEET) परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। मोर्चा के नेता अभय कुमार ने कहा कि इस घोटाले ने देश के करीब 24 लाख छात्रों के भविष्य को अधर में लटका दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर परीक्षा कराने वाली एजेंसी NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब युवाओं का भरोसा इस संस्था से पूरी तरह खत्म हो चुका है। लगातार हो रहे पेपर लीक से न केवल छात्रों की मेहनत बेकार जा रही है, बल्कि उनका मानसिक मनोबल भी टूट रहा है।
छात्र शक्ति ने भरी हुंकार, जवाबदेही की मांग
इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा नेता शामिल हुए। छात्र मोर्चा के नेता विशाल झा, आदित्य यादव और रोहित मंडल ने संयुक्त रूप से कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, यह लड़ाई जारी रहेगी। वक्ताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण योग्य छात्र पीछे छूट रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था मजाक बनकर रह गई है। इस दौरान कुंदन सिंह, आर्यन वर्मा और अंकित राज सहित अन्य छात्र नेताओं ने एकजुट होकर भविष्य में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। कार्यक्रम में झामुमो के वरिष्ठ नेताओं और जिला कमेटी के सदस्यों ने भी छात्रों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया।