द फॉलोअप डेस्क
कॉकरोच जनता पार्टी ने सोमवार को संसद चलो मार्च निकाला। संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने देर रात जारी बयान में आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने बार-बार चेतावनी और कानूनी निर्देशों के बावजूद हटने से इनकार कर दिया तथा लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती पैदा हो गई। पुलिस के अनुसार, हिंसा के दौरान 15 से 20 सरकारी वाहनों और अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। मामले में करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ दंगा, सरकारी कर्मचारियों पर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अन्य संबंधित कानूनों की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है।
