रांची:
Saraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी विधायक नीरा यादव ने इस मामले में झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्य में महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड वीरों की धरती है, लेकिन गठबंधन सरकार के कार्यकाल में राज्य की स्थिति ऐसी हो गई है कि खुद को झारखंडी कहने में शर्म महसूस हो रही है।

रक्षक ही भक्षक बन गए : नीरा यादव
प्रेस वार्ता के दौरान नीरा यादव ने गम्हरिया की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंची थी। उसे लगा था कि पुलिस उसकी मदद करेगी, लेकिन रात 12 बजे उसके साथ जो हुआ, उसे बताते हुए भी शर्म आती है। उन्होंने कहा कि महिला के साथ दुष्कर्म की घटना ने पूरे पुलिस विभाग को शर्मसार कर दिया है। रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। एक पुलिसकर्मी की करतूत के कारण पूरे पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

7 वर्षों से खाली है महिला आयोग
बीजेपी विधायक ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि पिछले 7 वर्षों से महिला आयोग खाली पड़ा है। ऐसे में महिलाएं अपनी शिकायत लेकर आखिर कहां जाएं? उन्होंने कहा कि महिलाएं आज खुद को कहीं भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। पहले रात के अंधेरे में भी लोग बेफिक्र होकर घूमने जाते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए आगे आना होगा।
अपराध और नशे को लेकर सरकार पर निशाना
नीरा यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। होटलों के सामने गोलियां चल रही हैं और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने पूर्व की रघुवर सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अपराधी अपराध करने से पहले चार बार सोचते थे।

हर मंडल में होगा मुख्यमंत्री का पुतला दहन
बीजेपी विधायक ने घोषणा की कि गम्हरिया की घटना के विरोध में आज बीजेपी के प्रत्येक मंडल में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए तत्काल संज्ञान लिया जाए। साथ ही इस पूरे मामले में सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह
नीरा यादव ने युवाओं को भी संदेश देते हुए कहा कि युवा मोबाइल से थोड़ी दूरी बनाएं और सरकार के चक्कर में अपना भविष्य बर्बाद न करें। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार देने में भले ही सफल न हो, लेकिन कम से कम लोगों को सुरक्षा तो दे सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे झारखंड में ही जवाब नहीं दे पा रहे हैं, तो दिल्ली में क्या जवाब देंगे?