logo

मीडिया पाठ्यक्रमों में व्यापक बदलाव की जरूरत, बुनियादी सिद्धांतों को फिर से किया जाए परिभाषित- सचिन जैन

1475.jpg

द फॉलोअप डेस्क

मीडिया की जिम्मेदारी एजुकेट, इन्फॉर्म और एंटरटेन करना भर नहीं है ये बातें रविवार को प्रेस क्लब में 'मीडिया शिक्षण व मीडिया के मानकों की प्रासंगिकता' पर आयोजित स्मृति सभा सह परिचर्चा में वरिष्ठ पत्रकार, लेखक व सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जैन ने कही। उन्होंने कहा कि बदलती परिस्थितियों में आज मीडिया पाठ्यक्रमों में बदलाव जरूरी हो गया है समय की मांग है कि बुनियादी सिद्धांतों को फिर से परिभाषित किया जाए। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल के अध्यापक रहे पुष्पेंद्र पाल सिंह की स्मृति में विश्वविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्रों और रांची प्रेस क्लब के आयोजित स्मृति सभा में सचिन जैन ने कहा कि आज यह तय करने की जरूरत है कि क्या इन्फॉर्म करना है, कितना करना है और क्या नहीं करना है उसी तरह है क्या एजुकेट करना है, कितना करना है और क्या नहीं करना है, इसके भी मानक तय करना जरूरी है

आम आदमी को भी मीडिया के मानकों की होनी चाहिए जानकारी- संजय
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार सह रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय मिश्र ने कहा कि न सिर्फ पत्रकार बल्कि आम आदमी को भी मीडिया के मानकों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बच्चे भी सोशल मीडिया पर लिखते हैं, शेयर करते हैं तो उन्हें मानकों की जानकारी न होना घातक सिद्ध हो सकता है

कई लोगों ने रखी अपनी बात
कार्यक्रम में झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष देवव्रत सिंह ने कहा कि पत्रकारिता में आज न सिर्फ कंटेंट के स्तर पर बल्कि भाषा और काम के वातावरण के स्तर पर भी मानक तय करना जरूरी हो गया है वरिष्ठ पत्रकार सह एक्टिविस्ट विष्णु राजगढ़िया ने कहा कि सामान्य नागरिकशास्त्र की शिक्षा दी जानी चाहिए, ताकि देश के संवैधानिक मूल्यों की बुनियादी समझ विकसित हो सके। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार डॉ चंदन शर्मा ने कहा कि मीडिया के छात्रों को सभी प्रकार की विचारधाराओं को समझने का मौका देना चाहिए, ताकि उनमें संतुलन बनाने की क्षमता विकसित हो सकेकार्यक्रम में मीडिया शिक्षक रश्मि वर्मा, कीर्ति सिंह ने भी अपने विचार रखे. संचालन वरिष्ठ पत्रकार एम अखलाक ने और धन्यवाद ज्ञापन रंजीत प्रसाद सिंह ने किया

पुष्पेंद्र पाल सिंह पर  दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री
कार्यक्रम के दौरान माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के पूर्ववर्ती विद्यार्थी प्रवीण कुमार, अभिषेक पोद्दार, रूपक दीवान, धर्मेंद्र कुमार, कौस्तुभ गुप्ता, संजीव कुमार, संजय सिंह आदि ने पुष्पेंद्र पाल सिंह से संबंधित यादों को साझा किया। कार्यक्रम के दौरान पुष्पेंद्र पाल सिंह पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT