logo

पूर्व स्टूडेंट लीडर नाजिया तबस्सुम ने छात्रों से की मुलाकात, बोलीं- अनशन तोड़कर जारी रखें लड़ाई

ीोपप.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व संयुक्त सचिव और जेपीएससी की प्रथम-द्वितीय सिविल सेवा, लेक्चरर नियुक्ति समेत अन्य नियुक्तियों में कथित घोटाले का पर्दाफाश करने वाली नाजिया तबस्सुम ने गुरुवार को सदर अस्पताल पहुंचकर इलाजरत अनशनकारी छात्रों से मुलाकात की। पिछले 10 दिनों से जेपीएससी-जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितता, धांधली, पैसे और पैरवी के आरोपों की जांच व कार्रवाई की मांग को लेकर अभ्यर्थी अनशन कर रहे हैं। नाजिया तबस्सुम ने अनशनकारी छात्रों से अनशन समाप्त करने की अपील की, ताकि आगे की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखी जा सके।


झारखंड छात्र संघ ने आंदोलन का किया समर्थन
नाजिया तबस्सुम ने अनशनकारी छात्रों को बताया कि झारखंड के छात्र संयुक्त रूप से जिस आंदोलन को चला रहे हैं, उसका झारखंड छात्र संघ ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों के पक्ष में चार सदस्यीय मंत्रिमंडलीय कमेटी को जांच, कार्रवाई और व्यवस्था में सुधार से संबंधित मांग पत्र भी सौंपा गया है। उनके अनुसार, सरकार ने आंदोलनरत छात्रों की कई मांगों को मान लिया है, जिसे छात्रों की बड़ी जीत के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाते हुए आंदोलन जारी रखें।


CGL रद्द करने की मांग पर रखी ये बात 
नाजिया तबस्सुम ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सीआईडी जांच-1 के साथ वर्तमान सीआईडी जांच में टीडीपीएल के मैनेजर अभय तिवारी से पूछताछ के दौरान जिन लोगों की गलत तरीके से बहाली में पैरवी किए जाने का खुलासा हुआ है, उन सभी की सेवा समाप्त की जानी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की आगे की जांच एसआईटी या हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की निगरानी में कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने जांच को 90 दिनों के भीतर पूरा कर दोषियों के खिलाफ समुचित कार्रवाई करने की मांग सरकार से की। नाजिया तबस्सुम ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी की ओर से टीडीपीएल एजेंसी से कराई गई सभी नियुक्ति परीक्षाओं के अलावा अन्य नियुक्तियों में सामने आई कथित अनियमितता, धांधली, पैसे और पैरवी के मामलों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा, लेकिन इसके लिए अनशनकारी छात्रों का स्वास्थ्य भी महत्वपूर्ण है। इसी वजह से उन्होंने इलाजरत अभ्यर्थियों से अनशन समाप्त करने और आगे की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की अपील की।

 

Tags - JPSC News JSSC News Student Protest Recruitment Scam Ranchi News