द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में नक्सलियों का मंसूबा एक बार फिर फेल हो गया। उन्होंने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए चार आईईडी बम लगाया था। लेकिन यह साजिश विफल हो गई। बताते चलें कि पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र अंतर्गत तुम्बाहाका गांव जाने वाले रास्ते में सुरक्षाबलों को नक्सलियों ने निशाना बनाने की साजिश की थी। मगर सुरक्षाबलों ने गुरुवार को उसे विफल कर दिया है। सुरक्षाबलों ने चार आईईडी बम बरामद किया है। सभी आईईडी को डिफ्यूज कर दिया गया है।

एक बम का वजन था 50 किलो
जिन बमों को सुरक्षाबलों ने डिफ्यूज किया वे 71 किलो के थे। एक मद आईईडी का वजन 50 किलो था। एक आईईडी पांच किलो और दो आठ-आठ किलो के थे। एसपी आशुतोष शेखर ने इस संबंध में बताया कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है। उन्होंने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से आईईडी बम लगाया गया था। फिलहाल इलाके में सर्च अभियान जारी है। बताते चलें कि बुधवार को भी नक्सलियों के द्वारा लगाए गए 7 आईईडी को सुरक्षाबलों ने डिफ्यूज कर दिया था।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N