logo

मजदूरों को हड़काना 2 लाख के इनामी नक्सली सुखराम गुड़िया को पड़ा भारी, पुलिस ने पीछा कर ऐसे दबोचा

मजदूरों को हड़काना 2 लाख के इनामी नक्सली सुखराम गुड़िया को पड़ा भारी, पुलिस ने पीछा कर ऐसे दबोचा

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची सहित कई इलाकों में आतंक फैलाना वाले नक्सली को पुलिस ने धर दबोचा। उस नक्सली पर पुलिस ने दो लाख रुपए का इनाम भी रखा था। लंबे समय से जिस नक्सली की तलाश थी पुलिस उसे पकड़ने में सफल हो गई। दरअसल कई इलाकों में आतंक का दूसरा नाम कहे जाने वाले सुखराम गुड़िया को पुलिस शिद्दत से तलाश कर रही थी। पीएलएफआई संगठन के जोनल कमांडर सुखराम गुड़िया को आखिरकार तपकरा इलाके में पकड़ा गया है।

10 सालों से कई इलाकों में था आतंक
दस सालों से सुखराम के नाम का आंतक रांची के आसपास के इलाकों के साथ रनिया, तोरपा और तपकरा में था। बताया जा रहा है कि इन इलाकों में उसके नाम से लोग दहशत में आ जाते थे। अपने नाम के दहशत का फायदा उठाकर सुखराम वसूली संगठन को मजबूत करने में लगा था। मुठभेड़ में मारे गये कुख्यात उग्रवादी जीदन गुड़िया का यह दाहिना हाथ माना जाता था। जीदन के मारे जाने के बाद वह संगठन का प्रमुख हिस्सा बना गया था।

बाइक से की भागने की कोशिश
सुखराम को मजदूरों को धमकाना भारी पड़ गया। दरअसल सोमवार की सुबह तपकरा में पानी टंकी निर्माण कार्य के पास उसने मजदूरों को धमकाया, मारपीट भी की। उसके पास हथियार देखकर सभी दहशत में थे। इस बीच किसी ने फोन पर इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। फिर क्या था, आनन-फानन में पुलिस हरकत में आई। टीम बनाकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही नक्सली डर गया। हड़बड़ाहट में बाइक से भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो इस बीच अनियंत्रित होकर वह गिर पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT