logo

नेशनल SC-ST हब और INCOC का संयुक्त स्टेट लेवल वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम रांची में संपन्न, मेयर रोशनी खलखो ने साझा किया अनुभव

ranchist.jpg

रांची
नेशनल SC-ST हब कार्यालय रांची और इंटरनेशनल नवोदय चैंबर ऑफ कॉमर्स (INCOC) के संयुक्त तत्वावधान में स्टेट लेवल स्पेशल वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का सफल आयोजन योगदा सत्संग महाविद्यालय, धुर्वा के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलखो उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए उद्यमियों को आगे बढ़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान नेशनल SC-ST हब कार्यालय रांची की सीनियर ब्रांच प्रमुख किरण मारिया तिरु ने उद्यमियों को नेशनल SC-ST हब की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री Narendra Modi की पहल पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) द्वारा शुरू की गई थी, जिसे National Small Industries Corporation (NSIC) द्वारा लागू किया जाता है।


इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों को सब्सिडी, बाजार तक पहुंच और क्षमता निर्माण में सहायता प्रदान करना तथा सरकारी खरीद में उनकी 4 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना है।
योजना के प्रमुख बिंदु
•    उद्यमिता को बढ़ावा: एससी-एसटी समुदायों के बीच उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और उनके व्यापारिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाना।
•    वेंडर डेवलपमेंट: सरकारी विभागों से जुड़ने, ई-टेंडरिंग प्रक्रिया समझने और सरकारी खरीद में भागीदारी बढ़ाने में मदद।
•    मार्केटिंग सपोर्ट: घरेलू और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों व प्रदर्शनियों में भागीदारी के लिए सहायता तथा स्टॉल लागत में प्रतिपूर्ति।
•    योग्यता: एससी/एसटी स्वामित्व वाली इकाइयां, जो एमएसएमई डाटा बैंक में पंजीकृत हों।
•    आवेदन प्रक्रिया: www.scsthub.in वेबसाइट या NSIC के फील्ड कार्यालयों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
कार्यक्रम में नेशनल SC-ST हब रांची के एस. के. चौधरी ने बैंकिंग सुविधाओं और हब की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं हब के विवेकानंद भी उपस्थित रहे।


एमएसएमई डीएफओ रांची से गौरव ने भी उद्यमियों को एमएसएमई की विभिन्न योजनाओं, एक्सपोर्ट प्रोसेस, आईईसी कोड, जेड और लीन मैन्युफैक्चरिंग जैसी पहलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर इंटरनेशनल नवोदय चैंबर ऑफ कॉमर्स के संस्थापक सीए-सीएमए संदीप कुमार, सीए संगम अग्रवाल, योगदा सत्संग महाविद्यालय के कॉमर्स विभागाध्यक्ष रविंद्र कुमार, झारखंड भाजपा प्रवक्ता अजय शाह, भाजपा मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक, सीएमए नीरज प्रियदर्शी (डायरेक्टर फाइनेंस, CWC), सीएमए सुदीप दास गुप्ता (CFO, CMPDI) सहित SAIL, GAIL, MECON और NTPC के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में INCOC झारखंड के सीएमए मनोज सिंह, राजकिशोर साहू, आयुष और अभिषेक सहित कई उद्यमी और प्रतिभागी उपस्थित रहे।


 

Tags - Entrepreneur Support Government Procurement Initiative