जामताड़ा
जामताड़ा समाहरणालय में उपायुक्त (DC) आलोक कुमार की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभागवार राजस्व संग्रहण एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचलों और विभागों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया। इसके साथ ही कार्यों में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। डीसी ने म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए 30 दिनों से अधिक पुराने मामलों का त्वरित निष्पादन करने को कहा। सक्सेसन, पार्टीशन और सुओ म्यूटेशन आवेदनों के अत्यधिक रिजेक्शन (अस्वीकृति) पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अपर समाहर्ता को एक सप्ताह के भीतर इसकी जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। DC ने स्पष्ट चेतावनी दी कि म्यूटेशन आवेदन अनावश्यक रूप से रिजेक्ट न किए जाएं, अन्यथा इसकी सीधी जवाबदेही संबंधित अंचल अधिकारी (CO) की होगी।

CO देवराज गुप्ता से मांगा स्पष्टीकरण
पारंपरिक ग्राम प्रधानों के रिक्त पदों को भरने की समीक्षा के दौरान नारायणपुर अंचल की धीमी प्रगति और लापरवाही पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने नारायणपुर के अंचल अधिकारी (CO) देवराज गुप्ता से स्पष्टीकरण मांगते हुए उनका वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अंचलों को नियमानुसार ग्राम प्रधानों के रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने का आदेश दिया। वहीं कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए DC ने लाइसेंसधारी बीज और उर्वरक विक्रेताओं के नियमित निरीक्षण की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जिले में किसी भी सूरत में किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि न वसूली जाए। ऐसा होने पर संबंधित दुकानदार और जिम्मेदार अधिकारी, दोनों पर कड़ी कार्रवाई होगी। परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान स्लॉट बुकिंग की समस्याओं के कारण ड्राइविंग लाइसेंस से वंचित रह गए लोगों का मुद्दा उठा।

मिहिजाम थाना परिसर में 'थाना दिवस' आयोजित करने का निर्देश
उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि वर्तमान कैंप खत्म होने के बाद, भीड़भाड़ वाले प्रखंडों में छूटे हुए लोगों के लिए दोबारा कैंप आयोजित किए जाएं ताकि शत-प्रतिशत इच्छुक लोगों को लाइसेंस मिल सके। इधर, मिहिजाम क्षेत्र में जमीन विवाद के बढ़ते मामलों को देखते हुए डीसी ने अपर समाहर्ता को प्रत्येक 15 दिन में मंगलवार को मिहिजाम थाना परिसर में 'थाना दिवस' आयोजित करने का निर्देश दिया। इसमें CO, थाना प्रभारी और अंचल निरीक्षक मौजूद रहकर मौके पर ही विवादों का निपटारा करेंगे, जिसकी मॉनिटरिंग स्वयं अपर समाहर्ता करेंगे। सरकारी भूमि (जीएम लैंड) सर्वे की धीमी प्रगति पर DC ने अंचलवार मासिक लक्ष्य तय किया। इसके तहत नाला एवं जामताड़ा को 200, नारायणपुर को 150, तथा करमाटांड़, फतेहपुर एवं कुंडहित अंचल को प्रति माह 100 जीएम लैंड सर्वे पूरा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही राजस्व न्यायालयों (ई-कोर्ट) में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की बात कही गई।