द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए एक सड़क हादसे के बाद स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लोहारांगी पेट्रोल पंप के पास टेंपो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में 25 वर्षीय मौसम शेख गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे इलाज के लिए नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां रेफर किए जाने के बाद डॉक्टर और एंबुलेंस की अनुपलब्धता को लेकर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जानकारी के अनुसार लोहारांगी पेट्रोल पंप के समीप सोमवार सुबह एक टेंपो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार मौसम शेख गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल नारायणपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।

एंबुलेंस नहीं मिलने पर अस्पताल में हंगामा
परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद अस्पताल में न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही समय पर 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल परिसर में तड़पता देख परिजनों और ग्रामीणों का धैर्य टूट गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो मरीज को अनावश्यक परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।

निजी वाहन से धनबाद ले गए परिजन, जांच की मांग
घंटों इंतजार के बावजूद जब कोई सरकारी सहायता नहीं मिली तो परिजनों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर घायल मौसम शेख को इलाज के लिए धनबाद रवाना किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं हंगामा बढ़ने की सूचना पर नारायणपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था को उजागर कर दिया है।