रांची
नामकुम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शातिर अपराधी खालिद बंगाली को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। दरअसल, मामला नामकुम थाना क्षेत्र के सामलौंग का है, जहां अपार्टमेंट के पास 10 जून को खालिद ने शमशेर नामक एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया था और उसके बाद से फरार चल रहा था। गिरफ्तार अपराधी के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
घटना की पूरी जानकारी
पुलिस के अनुसार, घायल शमशेर और उसके पिता सऊद आलम के साथ मो खालिद का पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। पुलिस का कहना है कि उसी रंजिश का बदला लेने के उद्देश्य से खालिद ने 10 जून को सामलौंग स्थित अराफात अपॉर्टमेन्ट के पास पूर्व के आपसी रंजिश में मो० शमसेर आलम पर गोली चलायी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। गोलीबारी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। 
गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी-1 अमर पांडेय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम के कुटियातु स्थित 89-आर्मी ग्राउंड के पास कुछ अपराधी इकट्ठा होकर अड्डाबाजी कर रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस की एक टीम ने तुरंत वहां छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही वहां मौजूद दो लोग अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और आरोपी खालिद बंगाली को दबोच लिया।