जामताड़ा
जिला अंतर्गत नाला थाना क्षेत्र के बहादुरडीह के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान एकलव्यपुर निवासी प्रदीप मंडल के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान बहादुरडीह निवासी कार्तिक पाल के रूप में की गई है।

पूर्व मंत्री ने लिया जायजा, कड़ी कार्रवाई के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री सत्यानंद झा 'बाटुल' तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद डीएसपी और थाना प्रभारी से हादसे के संबंध में पूरी जानकारी ली। पूर्व मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को मामले में त्वरित जांच कर दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया और कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घायल कार्तिक पाल को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसके फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें