द फॉलोअप डेस्क
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के हाल ही में बोकारो में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में संगठन का पुनर्गठन करते हुए 60 पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस दौरान झारखंड बहुद्देश्यीय कर्मचारी संघर्ष समिति (जेबीकेएसएस) के केंद्रीय सचिव नागेन्द्र चन्द्रवंशी को जेएलकेएम का केंद्रीय संगठन सचिव नियुक्त किया गया। उनके मनोनयन की खबर से गिरिडीह समेत विभिन्न जिलों में उनके समर्थकों, स्थानीय कार्यकर्ताओं और आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
सोमवार को गिरिडीह सदर अस्पताल के आउटसोर्सिंग कर्मियों का एक प्रतिनिधिमंडल जेएलकेएम कार्यालय पहुंचा और नागेन्द्र चन्द्रवंशी को शॉल ओढ़ाकर तथा पुष्पमाला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। अभिनंदन करने वालों में फार्मासिस्ट आफताब आलम, मिनकल गुप्ता, सिकंदर अली, लैब तकनीशियन, लैब अटेंडेंट सुनील यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर औरंगज़ेब अली, भुवनेश्वर चौधरी, ईसीजी तकनीशियन तारिक अनवर समेत कई अन्य कर्मी शामिल रहे। इस अवसर पर संगठन से जुड़े सुभाष चौधरी, अर्जुन पंडित, राजेश रवानी, अशोक कुमार यादव और अन्य कार्यकर्ताओं ने भी माला पहनाकर चन्द्रवंशी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नागेन्द्र चन्द्रवंशी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष और आंदोलन जारी रहेगा। फार्मासिस्ट आफताब आलम ने कहा कि चन्द्रवंशी हमेशा स्वास्थ्य कर्मियों और आम जन की समस्याओं को मजबूती से उठाते रहे हैं। उनके संगठन सचिव बनने से हम सभी में उम्मीद और उत्साह का माहौल है।
