logo

सिमडेगा : ठेठईटांगर में दो युवकों की हत्या का खुलासा, 2 गिरफ्तार, जंगल से बरामद हुए शव

yime7met.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में लापता दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर जंगल से दोनों मृतकों के शव बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम द्वारा की गई। एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के मतरामेटा निवासी कलीम खान (25 वर्ष) और मो. नईम मियां उर्फ मानु (30 वर्ष) 12 जनवरी को अपने दोस्त के साथ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद दोनों की पत्नी और बहन शाहिना परवीन द्वारा थाना में सूचना दी गई।
सूचना के आधार पर ठेठईटांगर थाना कांड संख्या 04/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के क्रम में तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूत्र और ठोस सूचना के आधार पर पुलिस ने मृतकों के दोस्त रौशन मिंज और सूरज बेहरा से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि पूर्व की दुश्मनी के कारण उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों युवकों की हत्या कर दी थी और शवों को टेम्पो से ले जाकर छुरिया टोंगरी जंगल में ठिकाने लगा दिया था।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर जंगल से दोनों शव बरामद कर लिए हैं। साथ ही हत्या में प्रयुक्त खून लगा लोहे का रॉड, हॉकी स्टिक, खून से सने कपड़े, मृतकों के टूटे मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और शव ठिकाने लगाने में प्रयुक्त टेम्पो को भी जब्त किया गया है। अभियुक्तों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार घटना के पीछे मुख्य कारण आपसी रंजिश है। बताया गया कि कुछ दिन पूर्व मृतकों द्वारा अभियुक्त रौशन मिंज की यामाहा एफजेड बाइक लूटने का प्रयास किया गया था। इसके अलावा करीब तीन माह पूर्व रौशन मिंज के छोटे भाई दीपक मिंज पर हथियार चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई थी। वहीं, उसके एक अन्य भाई रितेश मिंज को भी लगातार डराया-धमकाया जाता था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रौशन मिंज (28 वर्ष), पिता किशोर मिंज, निवासी चुमकी चढ़रीतर, पंचायत दुमकी तथा सूरज बेहरा (20 वर्ष), पिता भानू बेहरा, निवासी भवनाडीपा कालोटोली के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल दो अन्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दो अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।
इस पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, पुलिस निरीक्षक भिखारी राम, ठेठईटांगर थाना प्रभारी रमेश कुमार झा सहित थाना के सशस्त्र बलों की अहम भूमिका रही।

 

Tags - Latest jharkhand news jharkhand News Updates latest updates Jharkhand jharkhand News Updates latest  Simdega news Simdega news Updates latest Simdega news Simdega news in hindi latest Simdega News Updates latst Simdega news Simdega news Simdega