द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा नगर परिषद में कार्यरत 65 मजदूरों ने वेतन भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर पुराने नगर पालिका कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. मजदूरों ने नगर परिषद और संबंधित कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द भुगतान की मांग की. मजदूरों का कहना है कि नगर परिषद ने श्री श्याम एस डब्ल्यू एम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को टेंडर दिया है. कंपनी द्वारा नगर क्षेत्र में सफाई सहित अन्य कार्य नगर परिषद के मजदूरों से ही कराया जाता है, लेकिन समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है. साथ ही, मजदूरों को मिलने वाली अन्य सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं. मजदूरों ने बताया कि पिछले दिसंबर महीने से उनका वेतन नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. अप्रैल महिना शुरू हो चुका है और बच्चों के स्कूल में नामांकन और किताबों के लिए भी उनके पास पैसे नहीं हैं. इस स्थिति में बच्चों का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है.
मजदूरों ने यह भी कहा कि कंपनी द्वारा बार-बार वेतन भुगतान में देरी की जाती है, जिसके कारण उन्हें घर चलाने और राशन की व्यवस्था करने में भी कठिनाई हो रही है. धरना दे रहे मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे. मजदूरों के इस आंदोलन को झारखंड राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ का भी समर्थन मिला है. महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष महेश कुमार सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे और मजदूरों की मांगों को जायज बताते हुए जल्द समाधान की मांग की. उन्होंने श्री श्याम एस डब्ल्यू एम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को हटाकर पूर्व की व्यवस्था बहाल करने की भी मांग की, ताकि मजदूरों को समय पर वेतन मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े.
