logo

मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने SNMMCH का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर दिया जोर

SNMMCH_SACHIV.JPG

द फॉलोअप डेस्क 

झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने शुक्रवार को शहीद निर्मल महतो मेमोरियल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की पीजी बिल्डिंग और इमरजेंसी वार्ड का जायजा लिया। निरीक्षण के समय अस्पताल अधीक्षक डॉ. डी. के. गन्दौरिया, उपायुक्त आदित्य रंजन सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने बताया कि वे अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं को समझने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से विस्तृत बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पहलुओं का आकलन करने के बाद ही कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा और किसी भी प्रकार की जल्दबाजी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अस्पतालों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके लिए जरूरी उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य सचिव ने यह भी जानकारी दी कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसे जल्द ही शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को उन्नत चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। वहीं अस्पताल अधीक्षक डॉ. डी. के. गन्दौरिया ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पीजी और एमबीबीएस सीटों को बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है। वर्तमान में पीजी की 19 सीटों को बढ़ाकर 45 करने और एमबीबीएस की 100 सीटों को बढ़ाकर 150 करने की योजना है। इस पहल से न केवल मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं भी और मजबूत होंगी।

Tags - jharkhand government chief secretary avinash kumar SNMMCH shahid nirmal mahto memorial college and hospital inspection pg building emergency ward hospital facilities