हजारीबाग
हजारीबाग जिले में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिले के DC, SP, SDM, सभी थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी और पुलिस बल के जवानों ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने आम लोगों से शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही स्पष्ट संदेश दिया गया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने या माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)
बंदूक जैसे दिखने वाले खिलौनों को भी जुलूस से दूर रखने की अपील
इस दौरान SP अमन कुमार ने अखाड़ा समितियों एवं जुलूस आयोजकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान चलंत डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्रशासन ने लाइसेंसी हथियारों के प्रदर्शन पर भी सख्त निगरानी रखने की बात कही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोहर्रम जुलूस या सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार के लाइसेंसी हथियार का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। साथ ही बंदूक जैसे दिखने वाले खिलौनों को भी जुलूस और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रखने की अपील की गई है, ताकि किसी प्रकार का भ्रम या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मोहर्रम आस्था, त्याग और परंपरा का पर्व है। इसे शांति, अनुशासन और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं तथा जिले की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूत बनाने में सहयोग करें।
.jpg)