द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के जिला परिषद सभाकक्ष में शुक्रवार को सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप सिंह शेखावत सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सांसद ने जिले के स्वास्थ्य, सड़क, आपूर्ति, आवास योजना, बिजली आपूर्ति, शिक्षा सहित लगभग 32 विभागों के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारा जाए ताकि आम लोगों को इनका वास्तविक लाभ मिल सके।
समीक्षा के दौरान सांसद ने कई विभागों के अधूरे कार्यों और लापरवाही भरे रवैये पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन अधिकारियों का प्रदर्शन खराब है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जो अधिकारी और कर्मी अच्छा कार्य कर रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि यह बैठक जिले के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी तरह की कोताही या उदासीनता नहीं चलेगी। सभी विभागों को दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि सरकार की योजनाएं पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे। बैठक में विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, जिससे जिले में सुचारू और प्रभावी तरीके से विकास हो सके।
