द फॉलोअप डेस्क
चतरा में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के धमनियां मोड़ के पास का है, जहां हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चतरा सांसद कालीचरण सिंह के चचेरे भाई प्रह्लाद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रह्लाद सिंह सड़क किनारे मौजूद थे, इसी दौरान एक गैस लदे वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सदर थाना को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद कालीचरण सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने धमनियां मोड़ को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए यहां यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
