रामगढ़
रामगढ़ के दुलमी प्रखंड क्षेत्र में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन और निर्मित सड़क कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौघरी ने परियोजना में पाई गई विभिन्न त्रुटियों और अनियमितताओं पर गंभीर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और संबंधित अधिकारियों को कई खामियों से अवगत कराया साथ ही उन्हें तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सांसद ने कहा कि जनहित और लोगों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतमाला जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के विकास को गति देना है, इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सांसद ने केझिया घाटी में हिल कटिंग कार्य में बरती गई अनियमितताओं को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा कुल्ही चौक में अंडरपास निर्माण की मांग, सोंटई में फ्लाईओवर की आवश्यकता, बरियातू क्षेत्र में फुटब्रिज निर्माण तथा सड़क निर्माण में तकनीकी खामियों को भी अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने कोइया तालाब से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता जताई और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया।

सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र में बिना अनुमति के अंडरग्राउंड बिजली तार बिछाने के मामले को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने इस मामले में संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। उनका कहना था कि सड़क निर्माण के दौरान स्थानीय भूगोल, ग्रामीणों की सुविधाओं और जनसुरक्षा की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में सामने आई सभी खामियों को शीघ्र दूर कर परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने सकारात्मक पहल करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान दुलमी प्रखंड अध्यक्ष पंकज कुमार, गोला प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष अंगद महतो, कुनाल कुमार महतो समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और आजसू पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
