logo

राज्यसभा जीत के बाद मां दिउड़ी के दरबार पहुंचे सांसद बैद्यनाथ राम

िददत3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद सांसद बैद्यनाथ राम सोमवार को रांची जिले के तमाड़ स्थित प्रसिद्ध मां दिउड़ी मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार के साथ मां के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि, शांति एवं विकास की कामना की। मंदिर परिसर में उन्होंने श्रद्धापूर्वक माथा टेककर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। मां दिउड़ी मंदिर पहुंचने पर सांसद बैद्यनाथ राम ने पूरे परिवार के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि मां दिउड़ी मंदिर उनके परिवार की गहरी आस्था का केंद्र रहा है और जीवन के हर महत्वपूर्ण अवसर पर वे मां का आशीर्वाद लेने यहां अवश्य आते हैं। राज्यसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद भी उन्होंने सबसे पहले मां के दरबार में हाजिरी लगाकर कृतज्ञता व्यक्त की।

जनसेवा की शक्ति और मार्गदर्शन मांगा

बैद्यनाथ राम ने कहा कि जनता और पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने मां से प्रार्थना की कि उन्हें जनहित के कार्यों को बेहतर ढंग से करने की शक्ति और सही मार्गदर्शन प्राप्त हो, ताकि वे राज्य और देश के विकास में अपनी सार्थक भूमिका निभा सकें। सांसद ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में उनकी प्राथमिकता आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा, किसानों की समस्याओं का समाधान, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, शिक्षा के क्षेत्र में सुधार तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

मंदिर परिसर में समर्थकों ने दी बधाई

मां दिउड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान उनके समर्थक और शुभचिंतक भी मौजूद रहे। इस अवसर पर लोगों ने उन्हें राज्यसभा चुनाव में मिली जीत के लिए बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। मंदिर परिसर में धार्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

Tags - Politics Jharkhand Rajya Sabha Baidyanath Ram Ranchi