पलामू
पलामू के नावा बाजार थाना क्षेत्र स्थित कंडा गांव में पति से हुए विवाद के बाद बच्चियों ई मां ने अपनी ढाई साल और चार साल की दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरी बेटी की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसकी जान बचाई, हालांकि इस बीच महिला ने खुद भी कुएं में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया है, वहीं दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।
घटना की पूरी जानकारी
दरअसल, ये घटना नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बुधवार रात हुई। मजदूरी करने वाले छोटे लाल प्रजापति और उनकी पत्नी सरिता देवी के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जाता है कि पति शराब पीने का आदी था और दंपती के बीच अक्सर मारपीट होते रहती थी। इसी कलह से आहत होकर महिला ने यह कदम उठाया। रात में घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने सीढ़ी लगाकर शवों को कुएं से बाहर निकाला।
डूबने से दो बच्चियों की मौत
दरअसल, विवाद के बाद सरिता देवी ने पहले दादी की गोद में सो रही करीब ढाई वर्षीय डॉली कुमारी को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद उसने चार वर्षीय प्रिया कुमारी को भी कुएं में डाल दिया। महिला अपनी छह वर्षीय बेटी सुषमा कुमारी को भी कुएं में फेंकने जा रही थी, लेकिन बच्ची के जोर-जोर से चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को देखकर महिला ने बच्ची को छोड़ दिया और खुद कुएं में कूद गई। पुलिस ने दोनों शवों पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया।
मां को किया गिरफ्तार
ग्रामीणों ने तत्काल महिला को बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों मासूम बच्चियों की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही नावा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।