logo

कर्ज के बोझ से परेशान मां-बेटी ने की आत्महत्या, महिला समूह से लिया था 5 लाख का लोन

suicide4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना अंतर्गत श्रीरामपुर गांव से सोमवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। कर्ज के दबाव से जूझ रही एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय पुतुल देवी और उनकी 16 वर्षीय बेटी स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पुतुल देवी ने किसी महिला समूह से लगभग पांच लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसकी जानकारी उन्होंने परिवार को नहीं दी थी। ऋण की किस्तों को लेकर लगातार फोन कॉल आने से वह मानसिक तनाव में रहती थीं और अक्सर परेशान दिखाई देती थीं। बावजूद इसके, परिजनों के पूछने पर भी वह अपनी परेशानी साझा नहीं करती थीं। घटना का पता उस समय चला जब सोमवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देख सन्न रह गए। मां और बेटी घर के भीतर फांसी के फंदे से लटकी मिलीं। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से दोनों को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मामले की जानकारी पाकर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर में दो लोगों द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसकी गहन से जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। इधर, इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news giridih news giridih khabar giridih update suicide news