जमशेदपुर
जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित शंकोसाई रोड नंबर-4 निवासी टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी सुदर्शन शर्मा (75) की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गयी। वह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, तभी अज्ञात बस की चपेट में आ गये। हादसा सुबह करीब छह बजे की बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार, सुदर्शन शर्मा प्रतिदिन की तरह सुबह घर से मॉर्निंग वॉक पर टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में तेज रफ्तार अज्ञात बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों ने इसकी सूचना परिजनों को दी
घटना के कुछ समय बाद राहगीरों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सुदर्शन शर्मा अपने पीछे छह बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, उलीडीह थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात बस और उसके चालक की पहचान करने को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
.jpg)