द फॉलोअप डेस्क
देश में इस बार मानसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 26 मई तक मानसून केरल पहुंच सकता है। आमतौर पर केरल में मानसून के प्रवेश की सामान्य तारीख 1 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार इसके कुछ दिन पहले आने की संभावना जताई गई है। इससे देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

अनुकूल मौसम बना बड़ी वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह के आसपास की परिस्थितियां मानसून के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। अगले 24 घंटों के दौरान मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जिससे केरल में मानसून की एंट्री का रास्ता साफ होता दिख रहा है। पिछले साल भी मानसून ने सामान्य समय से पहले 24 मई को केरल में दस्तक दी थी।

कम बारिश की आशंका, फिर भी राहत की उम्मीद
हालांकि मौसम विभाग ने इस बार सामान्य से कम मानसूनी बारिश की आशंका जताई है। वहीं जुलाई और अगस्त के दौरान अल नीनो के प्रभाव की चिंता भी सामने आई है, जिससे बारिश प्रभावित हो सकती है। इसके बावजूद मानसून का समय से पहले आगमन किसानों और आम लोगों के लिए राहतभरी खबर माना जा रहा है।