रांची
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब झारखंड में साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव के प्रभाव से 28 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकांश जिलों में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने और अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
28 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में झारखंड में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। राजधानी रांची समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। 27 अगस्त को रांची में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 30 अगस्त तक राजधानी में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण मानसून की गतिविधियां राज्य में और सक्रिय हो सकती हैं।
रांची में बारिश से 3.4 डिग्री गिरा तापमान
निम्न दबाव के प्रभाव का असर सोमवार को रांची समेत राज्य के कई जिलों में देखने को मिला। राजधानी रांची में दोपहर करीब तीन बजे डंगराटोली, लालपुर समेत कई इलाकों में बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को रांची में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण राजधानी के तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। .jpeg)
सिमडेगा में सबसे ज्यादा 30 मिमी बारिश
राज्य के कई जिलों में सोमवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। सिमडेगा में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा सरायकेला में 18 मिमी, मेदिनीनगर में 15 मिमी, चाईबासा में 9 मिमी, खूंटी में 8 मिमी, लोहरदगा में 6 मिमी और बोकारो में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण राज्य के अधिकांश जिलों के तापमान में गिरावट देखने को मिली।
झारखंड में अब भी 11 प्रतिशत बारिश की कमी
राज्य में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी रहने के बावजूद मानसून की कुल स्थिति अभी भी सामान्य से कमजोर बनी हुई है। एक जून से 24 अगस्त तक झारखंड में सामान्य तौर पर 744.5 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 661.1 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है। इस तरह राज्य में सामान्य से करीब 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है।.jpeg)
कुछ जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
हालांकि, झारखंड के कई जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से बेहतर है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 46 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं रांची में 4 प्रतिशत, सिमडेगा में 7 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में 8 प्रतिशत और खूंटी में 5 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे राज्य में बारिश की कमी कुछ हद तक कम हो सकती है।
भारी बारिश वाले जिलों में सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।