logo

राज्य के इन 5 मेडिकल कॉलेज और सभी जिलों में बनेगा मॉड्यूलर OT, 35.70 करोड़ की मिली मंजूरी 

OT.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
अब मरीजों को छोटी-बड़ी सर्जरी के लिए राजधानी आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। झारखंड सरकार ने राज्य के 5 मेडिकल कॉलेज और सभी जिला अस्पतालों में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) बनाने का फैसला किया है। इसके लिए 35.70 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गयी है। यह निर्माण कार्य भवन निर्माण विभाग की देखरेख में होगी और 9 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गयाहै। 

इन अस्पतालों में बनेगा मॉड्यूलर ओटी
मॉड्यूलर ओटी धनबाद, जमशेदपुर, दुमका, मेदिनीनगर और हजारीबाग के मेडिकल कॉलेजों और सभी अस्पतालों में बनाई जाएगी। इससे मरीजों को उनके जिले में ही बेहतरीन सर्जरी की सुविधा मिलेगी और उन्हें राजधानी आने की जरूरत नहीं होगी। 

रिम्स में 70% मरीज आते हैं दूसरे जिलों से
रिम्स में हर महीने होने वाली सर्जरी में से करीब 70% मरीज दूसरे जिलों से रेफऱ होकर आते हैं। पिछले महीने यहां 400 से ज्यादा मेजर और माइनर सर्जरी हुई, जिनमें से 275 मरीज बाहर से आए थे। मॉड्यूलर ओटी बनने के बाद इन मरीजों को अपने जिले में ही ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। 

क्या है मॉड्यूलर ओटी 
मॉड्यूलर ओटी एक आधुनिक ऑपरेशन थिएटर होता है, जहां संक्रमण का खतरा कम होता है। इसमें अत्याधुनिक तकनीक और सभी जरूरी उपकरण उपलब्ध होते हैं, जिससे सर्जरी जल्दी और सुरक्षित तरीके से की जा सकती है। रांची के रिम्स और सदर अस्पताल में पहले से ही मॉड्यूलर ओटी है। धनबाद और जमशेदपुर के सुपर स्पेशियलिटी विंग में भी यह सुविधा मौजूद है। अब सरकार पूरे राज्य में इसे उपलब्ध कराने जा रही है, जिससे दूर-दराज के मरीजों को ऑपरेशन के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Modular Operation Theatre RIMS