logo

राष्ट्रनिर्माण का स्वर्णिम अध्याय है मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवनः अर्जुन मुंडा

राष्ट्रनिर्माण का स्वर्णिम अध्याय है मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवनः अर्जुन मुंडा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः 
भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक के द्वितीय सत्र में विश्व पटल पर उभरता भारत : सेवा एवं नेतृत्व के 25 वर्ष शीर्षक से प्रस्तावित राजनीतिक प्रस्ताव -01 को पटल पर रखा गया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। जबकि राजनीतिक प्रस्ताव का केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी तथा सांसद विद्युतवरण महतो के द्वारा अनुमोदन किया गया। राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र निर्माण का स्वर्णिम अध्याय है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा देश के लिए प्रेरणादायी है। उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, आर्थिक एवं सामरिक शक्ति और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विकसित भारत-2047 का संकल्प तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक राज्य विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाएगा। 
अर्जुन मुंडा ने प्रस्ताव में केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल विकास और किसानों, युवाओं एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, श्रीराम मंदिर निर्माण, नई शिक्षा नीति तथा नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई को भी महत्वपूर्ण कदम बताया। मुंडा ने कहा कि भाजपा ने जनजातीय समाज के सम्मान, सांस्कृतिक संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दी है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने, पीएम के उलिहातू दौरे, रांची में स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय के निर्माण, पीएम-जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विस्तार जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने जनजातीय नायकों की विरासत को राष्ट्रीय पहचान देने का उल्लेखनीय पहल बतलाया।

मोदी सरकार में बेटियां आगेः अन्नपूर्णा
राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राजनीतिक प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए प्रयासों एवं योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच से देश की महिलाएं और बेटियां सभी क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।


केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से उबाराः विद्युतवरण महतो
जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने झारखंड के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष लगाव और राज्य के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता की भी सराहना की।

राज्य सरकार पिछड़ा आयोग को अविलम्ब ट्रिपल टेस्ट कराने का आदेश दे:रघुवर दास 

कार्यसमिति की बैठक के द्वितीय सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बैठक को सम्बोधित करते हुए राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव ट्रिपल टेस्ट होने के बाद ही सम्पन्न कराए जाने की मांग की। दास ने राज्य में पंचायत चुनाव ओबीसी आरक्षण  सुनिश्चित किये जाने के बिना कराये जाने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने पंचायत चुनाव कराने से पहले ट्रिपल टेस्ट कराने की वकालत की थी। उन्होंने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अभी तक राज्य सरकार कुम्भकर्णी निंद्रा से नहीं जगी है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि सरकार अविलम्ब कैबिनेट की बैठक बुलाकर पिछड़ा आयोग को ट्रिपल टेस्ट कराने का आदेश दे। उन्होंने अप्रैल तक राज्य सरकार से पंचायत चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं गिरीडीह उपचुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि  पार्टी इस चुनाव को लेकर गंभीर है। वहीं कार्यसमिति बैठक के तीसरे सत्र को सम्बोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सह सोशल मीडिया प्रभारी बालमुकुंद सहाय ने  सोशल मीडिया की महत्ती उपयोगिता पर चर्चा की।  उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की बात कही। 

Tags - Jharkhand BJP Working Committee Political Resolution