logo

केंद्र से बेहतर समन्वय बनाये तो विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा झारखंड - सतीश चंद्र दुबे

satish_dubey.jpg

जमशेदपुर 

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड के पास विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इन संभावनाओं को पूरी तरह साकार करने के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। यदि दोनों सरकारें मिलकर योजनाबद्ध तरीके से काम करें तो झारखंड विकास और समृद्धि की नयी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। जहां उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है, लेकिन कई खदानें अब भी बंद पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि खनन, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में राज्य के पास बड़ी संभावनाएं हैं, जिन्हें केंद्र और राज्य के बेहतर तालमेल से गति दी जा सकती है।

पिछले 12 वर्षों में व्यापक काम हुआ 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशभर में विकास को नयी दिशा देने का काम कर रही है। गरीब कल्याण, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और आधारभूत संरचना निर्माण के क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों में व्यापक काम हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है और इसी सोच ने शासन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाया है। सम्मेलन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी सबसे बड़ी शक्ति है। वहीं, विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की। उन्होंने स्वागत भाषण में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tags - Jharkhand development natural resources Union Minister of State for Coal and Mines central governmentjharkhand government