द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के चतरा और चाईबासा समेत छह जिलों के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जल्द ही मोबाइल की घंटी बजेगी। दरअसल यूनिवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड (यूएसओएफ) परियोजना के तहत यहां मोबाइल टॉवर लगाए जाएंगे। इसको लेकर एडीजी अभियान संबंधित जिले के एसपी के साथ झारखंड पुलिस मुख्यालय में समीक्षा बैठक करेंगे। मालूम हो कि चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, सरायकेला, चाईबासा और गढ़वा में मोबाइल टावर लगाने की योजना है। इन जिलों के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मोबाइल टावर के चालू होने से ब्रॉडबैंड की पहुंच बढ़ेगी। इससे कई गांवों को कवरेज प्रदान करने में मदद मिलेगी। साथ ही मोबाइल कवरेज इन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों से निपटने में गेम चेंजर साबित हो सकता है। टॉवर लगने का इसका सीधा फायदा नक्सल ऑपरेशन में पुलिस और फोर्स को मिलेगा। पुलिस की पैठ पहले के मुकाबले बेहतर हुई है और मेन-टु-मेन नेटवर्क भी मजबूत हुआ है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस व अन्य चिकित्सा सुविधा का लाभ भी इन क्षेत्रों के लोगों को मिल सकेगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT