logo

गुमला : फरहान की मौत और बच्चे के घायल होने पर भरनो पहुंचे विधायक, सड़क निर्माण में लापरवाही पर जताई नाराजगी

jigga.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के भरनो प्रखंड में सड़क दुर्घटना में फरहान मीरदाहा की मौत और एक बच्चे के घायल होने की सूचना पर सिसई विधायक जिग्गा सुसारन होरो तुरंत भरनो पहुंचे। विधायक ने सबसे पहले ब्लॉक चौक के फ्लाईओवर के नीचे बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मौके से ही एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजीव रंजन और सड़क निर्माण कार्य कर रही आरकेडी कंपनी के सीजीएम लक्ष्मण शेट्टी से दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें भरनो बुलाया।

विधायक जिग्गा सुसारन होरो ने इस दुखद घटना पर मृतक के परिजनों और घायल बच्चे के परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया और भरोसा दिलाया कि वे हरसंभव मदद करेंगे। उन्होंने परिजनों से कहा, "मैं आपके साथ हूं, हरसंभव सहयोग किया जाएगा।" इसके बाद प्रखंड कार्यालय सभागार में विधायक ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक राजीव रंजन और आरकेडी कंपनी के कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान विधायक ने मृतक के परिजनों को मुआवजा और घायल बच्चे के इलाज हेतु आर्थिक सहयोग देने की मांग रखी, लेकिन कंपनी की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।
विधायक ने बैठक में सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब सड़क पूरी तरह से तैयार नहीं है, तो उसका उद्घाटन कैसे कर दिया गया? उन्होंने कहा कि आम जनता को उद्घाटन की जानकारी तक नहीं दी गई। भरनो में जगह-जगह सड़कें खराब हैं और कार्य अधूरा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने पूछा कि इन हादसों का जिम्मेदार कौन है? विधायक ने विभाग से भरनो के दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों जैसे भरनो थाना, नावाटोली पुल, खरवागढ़ा, कुसुम्बाहा बाजार, मलगो मोड़, दुम्बो और जुरा में पोस्टर, साइनबोर्ड और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। इसके साथ ही जुरा के पास बैरिकेडिंग और सड़क पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात भी रखी।

प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजीव रंजन ने विधायक की मांगों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान ब्लॉक परिसर में विधायक और प्रोजेक्ट डायरेक्टर के बीच सड़क निर्माण और सुरक्षा को लेकर काफी देर तक सवाल-जवाब और बहस भी हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में बीडीओ अरुण कुमार सिंह, सीओ अविनाश कुजूर, थाना प्रभारी कंचन प्रजापति, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश उरांव, झामुमो अध्यक्ष जॉनसन बाड़ा, सकीम अंसारी, शमशाद खान, नबी फरास, जहांगीर आलम, बबलू अख्तर, आरकेडी कंपनी के कर्मी इंद्र नेगी और सुरेश मोहंती सहित कई लोग उपस्थित थे।


 

Tags - Gumla DC News Gumla updates Gumla updates in hindi latest Gumla News Gumla News updates Gumla News in hindi latest Gumla newslatest jharkhand News Jharkhand News updates jharkhand news Jharkhand news in Hindi